मुंबई की पहचान
'मुंबई शहर की पहचान'
मेरे शहर का नाम मुंबई है। मुंबई शहर एक महानगर है। जो महाराष्ट्र राज्य की राजधानी है और भारत देश की आर्थिक राजधानी है। मुंबई शहर भारत के पश्चिमी तट पर अरब सागर के किनारे द्वीप पर स्थित है। मुंबई विश्वविख्यात शहर है और भारत देश की शान है।
मुंबई शहर का नाम मुंबा देवी के नाम से लिया गया है , कोली जनजाति की कुलदेवी का नाम मुंबादेवी है। पहले इस शहर को बॉम्बे और बंबई कहते थे बाद में मुंबई कहा जाने लगा।
मुंबई का कुल क्षेत्रफल लगभग 603 वर्ग किमी है। मुंबई महानगर की अनुमानित जनसंख्या लगभग साढ़े तीन करोड़ है। मुंबई को सपनों का शहर भी कहा जाता हैI मुंबई शहर के बारे में एक कहावत है कि 'मुंबई कभी सोती नहीं है'। यहाँ रात होते ही पूरा शहर रोशनी से जगमगा उठती है। दरअसल मुंबई की खूबसूरती रात में ही देखने को मिलती है। इसका असर लोंगों पर जादू से होता है लोग देश के कोने-कोने से खींचे चले आते हैं। मुंबई ने सभी को शरण दिया है। चाहे अमीर हो या गरीब सभी का मसीहा मुंबई है।
मुंबई शिक्षा और संस्कृति का केंद्र भी है। यहाँ मुंबई विश्वविद्यालय, एसएनडीटी महिला विश्वविद्यालय समेत कई डीम्ड विश्वविद्यालय स्थित हैं। जो समाज और देशहित के लिए सदैव तत्पर है।
मुंबई भारत का आर्थिक एवं वाणिज्यिक केन्द्र भी है। भारत के अधिकांश बैंक एवं व्यापार कार्यालयों के प्रमुख कार्यालय एवं महत्वपूर्ण आर्थिक संस्थान जैसे भारतीय रिज़र्व बैंक, बॉम्बे स्टॉक एक्स्चेंज, नेशनल स्टॉक एक्स्चेंज मुंबई में स्थित हैं। इसलिए इसे भारत की आर्थिक राजधानी भी कहते हैं।
मुंबई में भारत का हिंदी चलचित्र एवं दूरदर्शन उद्योग भी है, जो बॉलीवुड नाम से प्रसिद्ध है। बॉलीवुड भी किसी औद्योगिक क्षेत्र से कम नहीं है। यहाँ पर लाखों लोंगों को रोजगार मिलता है। देश के जानेमाने और प्रसिद्ध फिल्मी सितारें यहीं रहते हैं।
मुंबई महानगरपालिका को पूरे विश्व में पैसों के मामले में सबसे बड़ा और संपन्न महानगरपालिका माना जाता है। जो स्वास्थ्य और स्वच्छता के कार्य को बखूबी अंजाम देकर अपना लोहा मनवाता है। मुंबई शहर में एक तरफ आसमान को छूती हुई अर्थात गगनचुंबी इमारतें दिखाई देती हैं तो दूसरी तरफ विश्वस्तर पर पहचान बना चुकी धारावी जैसी गलिच्छ बस्ती भी मौजूद है।
भारत देश की तरह मुंबई में भी विविधता में एकता दिखाई देती है। मुंबई के लोग सभी भारतीय त्यौहार मनाते हैं। दिवाली, होली, ईद, क्रिसमस, नवरात्रि, दशहरा, दुर्गा पूजा, महाशिवरात्रि, मुहर्रम आदि प्रमुख त्यौहार हैं। इनके अलावा गणेशोत्सव और जन्माष्टमी कुछ अधिक धूम-धाम के साथ मनाया जाता है। गणेशोत्सव में शहर में जगह-जगह बहुत विशाल एवं भव्य पंडाल लगाये जाते हैं, जिनमें भगवान गणपति की विशाल मूर्तियों की स्थापना की जाती है। ये मूर्तियाँ दस दिन बाद अनंत चतुर्दशी के दिन समुद्र में विसर्जित कर दी जाती हैं। कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर पूरे शहर में ऊँची-ऊँची मटकियाँ बाँधी जाती हैं जिसे गोविंदा पथक पिरामिड बनाकर फोड़ते हैं।
मुंबई शहर में अनेक दार्शनिक व ऐतिहासिक स्थल हैं। जिसमें रानीबाग, गेटवे ऑफ इंडिया, मुम्बादेवी मंदिर, महालक्ष्मी मंदिर, हाजीअली दरगाह, हैंगिग गार्डन, जुहू चौपाटी, इस्कॉन मंदिर और नेशनल पार्क आदि मशहूर हैं।
मुंबई शहर में छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा है। जो देश के प्रमुख शहरों के साथ - साथ विदेशों से भी यातायात के लिए सुविधाजनक है।
मुंबई शहर को देश के कोने-कोने तक जानेवाली ट्रेनों के लिए रेलमार्ग से जुड़ा हुआ है। लोकल ट्रेन मुंबई की 'लाइफ लाइन' कहलाती है। जिससे लाखों लोग प्रतिदिन सफर करते हैं। इससे एक कोने से दूसरे कोने तक पहुंचने में सहूलियत मिलती है। मोनोरेल और मेट्रो रेल ने मुंबई में चारचांद लगा दिया है। इतना ही नहीं 'बांद्रा-वर्ली सीलिंक' यहाँ की शान है और वर्तमान समय में लोंगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
हालांकि यहाँ बम ब्लास्ट किया गया, आतंकवादी हमला किया गया और लोकल ट्रेन में भी ब्लास्ट किया गया अर्थात मुंबई की रफ्तार को रोकने की पूरी नाकाम कोशिश की गई। पर मुंबई महानगर इन सबसे उबरते हुए बेखौफ होकर सदैव गतिशील बना रहा, आज भी है और आगे भी गतिशील रहेगा।
मेरे शहर की विशेषताएँ 'हरि अनंत हरि कथा अनंता' जैसी है। इसके बारे में जितना बताया जाए वो कम है। मैं इस शहर से जुड़ा हुआ हूँ। इसने मुझे रोजगार दिया, पहचान दिया और आश्रय भी दिया। एक आम इनसान को जिन-जिन चीजों की आवश्यकता होती है वे सारी चींजे मुझे मुंबई शहर से प्राप्त हुई हैं। मुझे मुंबई शहर पर गर्व है।
प्रा. अशोक सिंह
☎️ 9867889171
Sir bohot accha likha h aapne aapk words me jaise jaadu h ye blog padhte padhte lag r tha ki mai khud vaisa nazara Aapne mann me dekh r huu bohot accha likha h sir aapne saach me ye blog kabil e taarif h
जवाब देंहटाएंAmaachi Mumbai,my karam bhoomi
जवाब देंहटाएं